कानपुर में बैंक ऑफ इंडिया महाराजपुर शाखा में हुए गबन में पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। 1.41 करोड़ रुपये तीन कंप्यूटरों से अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए गए। पुलिस का दावा है कि अस्थायी सफाई कर्मचारी के पास इन तीनों कंप्यूटरों के पासवर्ड थे।
सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर ये पासवर्ड सफाईकर्मी तक कैसे पहुंचे। अब पुलिस इन कंप्यूटरों को इस्तेमाल करने वाले बैंककर्मियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। महाराजपुर एसओ राघवेंद्र सिंह के मुताबिक बैंक मैनेजर से 1.41 करोड़ के गबन का आरोप लगा तहरीर दी थी। जो दस्तावेज बैंक मैनेजर ने सौंपे थे, उस आधार पर जांच की गई तो गबन की रकम इतनी ही पाई गई।
अभी तक की जांच में अस्थायी कर्मचारी हाथीपुर निवासी पंकज गुप्ता पर ही शक है कि उसी ने ये रकम ट्रांसफर की। एसओ के मुताबिक प्रत्येक बैंककर्मी के कंप्यूटर का पासवर्ड उसी के पास होता है। सफाईकर्मी तक पासवर्ड कैसे पहुंचा, इस पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।