सिख विरोधी दंगों के दस मामलों में एसआईटी ने करीब सौ आरोपियों की शिनाख्त कर ली है। हाल में ही करीब चालीस नये आरोपियों की पहचान हुई है। कुल आरोपियों में से कइयों की मौत हो चुकी है तो कई उम्र दराज हैं। एसआईटी 19 केसों की जांच कर रही है।
इसमें से दस केसों में करीब साठ आरोपियों की शिनाख्त हुई थी। अब आरोपियों की संख्या में बढ़ने लगी है। एसआईटी एसएसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि निराला नगर में काले सिंह की हत्या हुई थी। इसमें जब गवाहों के बयान दर्ज किये गए तो करीब बीस के नाम सामने आए।
इनकी पहचान कर ली गई है। वहीं अर्मापुर में तीन सिखों की हत्या में डेढ़ दर्जन आरोपियों के नाम सामने आए है। एसएसपी ने बताया कि इन सभी के नामों के आधार पर सत्यापन शुरू कर दिया गया है। अभी मामले में आरोपियों की संख्या और बढ़ेगी।