हरदोई में दहेज प्रताड़ना के एक मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर युवक से घूस में रुपये ले रहे हरपालपुर थाने के एसआई (दरोगा) को लखनऊ से आई एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार दोपहर कस्बे के पास ढाबे से गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मार्क की गई नगदी को सील कर कब्जे में ले लिया।
एंटी करप्शन शाखा के एएसपी महात्मा प्रसाद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कन्नौज के रहने वाले जमील अहमद ने एंटी करप्शन की लखनऊ शाखा में दर्ज शिकायत में बताया था कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है।
इन्हीं रुपयों को लिया था घूस में
- फोटो : अमर उजाला
पत्नी ने हरपालपुर कोतवाली में उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया है। जिसकी विवेचना थाने के एसआई अभिषेक सिंह कर रहे हैं। मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर आरोपी एसआई अभिषेक सिंह उससे 5 हजार रुपये की मांग कर रहा था। रिश्वत न देने पर एसआई ने उसे जेल भेजने की धमकी दी।
मामला संज्ञान में आने पर व एंटी करप्शन शाखा के एसपी राजीव मल्होत्रा के निर्देश पर मंगलवार को एएसपी महात्मा प्रसाद की अगुआई में टीम हरदोई पहुंची। पीड़ित जमील अहमद एसआई द्वारा बुलाए जाने पर हरपालपुर कस्बे के पास ढाबे पर पहुंचा।
पीड़ित ने एसआई को जैसे ही टीम द्वारा मार्क किए गए नोट सौंपे, ठीक वैसे ही ढाबे के आस पास मौजूद एंटी करप्शन टीम के सदस्यों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेने के साथ ही टीम ने मार्क किए गए नोटों को सील कर कब्जे में ले लिया।
टीम आरोपी को लेकर दोपहर बाद शहर कोतवाली पहुंची, जहां टीम के सदस्य एसआई लक्ष्मीनारायण ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। एसआई की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी एसआई अभिषेक सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। देर शाम टीम आरोपी को लेकर लखनऊ रवाना हो गई।