लेखपाल का चिकित्सा परीक्षण करते डॉक्टर
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव में भूमि की सही पैमाइश दर्ज करने के नाम पर सर्वे लेखपाल ने हरदोई में तैनात एडीओ से 20 हजार रुपये की घूस मांगी। पीड़ित की शिकायत पर गुरुवार को एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। टीम उसे माखी थाने ले गई।
एंटी करप्शन विभाग के सीओ ने माखी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजस्व सर्वे विभाग में संबद्ध सर्वे लेखपाल नरेंद्र कुमार कटरी क्षेत्र के ददलहा सर्किल में तैनात था। गांव में चकबंदी के लिए सर्वे का काम हो रहा है। हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के बखरिया निवासी रामकुमार पुत्र बाबूलाल इस समय हरदोई के संडीला ब्लाक में एडीओ के पद पर तैनात हैं।
दो साल पहले उन्होंने भरोसे नाम के व्यक्ति से दो बीघा जमीन खरीदी थी। क्षेत्र में चकबंदी के लिए सर्वे कार्य जारी होने से पत्नी रेखा अक्सर ददलहा आती जाती रहती हैं। रामकुमार का आरोप है कि सर्वे लेखपाल नरेंद्र ने उन्हे भूमि की सही माप व किस्म दर्ज करने के नाम पर 20 हजार रुपये की घूस मांगी थी।