जन्मदिन मनाने के लिए निकले टेनरीकर्मी अमितेश जयंत के संदिग्ध हालात में गायब होने पर नवाबगंज पुलिस ने दो युवतियों समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। लापता युवक की मां कमलेश कुमारी ने बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
जाजमऊ के तिवारीपुर बगिया निवासी अमितेश जयंत 29 अगस्त से लापता हैं। मां कमलेश कुमारी ने नैना कनौजिया, समीर शेख और समीर की प्रेमिका नंदिनी पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। कमलेश ने पुलिस को बताया कि अमितेश का टूटा मोबाइल नैना के पास मिला जबकि पर्स समीर ने अमितेश के भाई अभिषेक को लौटाया।
कमलेश कुमारी ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि 29 अगस्त को झाड़ी बाबा पड़ाव निवासी नैना कनौजिया ने फोन करके अमितेश को अपने घर पर उसका जन्मदिन मनाने के लिए बुलाया था। अमितेश घर से गया लेकिन लौटा नहीं। अगले दिन उसका भाई अभिषेक नैना के घर पहुंचा तो वहां अमितेश के साथ समीर, नंदिनी और तीन अन्य लोग मौजूद थे।
आरोप है कि समीर ने अभिषेक से कहा कि वे अमितेश को साथ ले जा रहे हैं। बाद में घर छोड़ देंगे। 30 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे समीर ने अभिषेक को फोन कर अमितेश के गंगा बैराज के पास खो जाने की जानकारी दी। अभिषेक अपने दोस्त विकास के साथ वहां पहुंचा तो समीर और नंदिनी मिले। समीर उसे नवाबगंज थाने ले गया और अपनी लिखावट में गुमशुदगी की तहरीर तैयार कराकर अभिषेक से हस्ताक्षर करवा लिए।
उसी दिन शाम करीब पांच बजे नैना ने अभिषेक को अमितेश का टूटा हुआ मोबाइल लौटाया। वहीं, समीर ने अमितेश का पर्स दिया था। उसमें एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और 3600 रुपये थे। इन परिस्थितियों के आधार पर मां ने अमितेश का अपहरण कर हत्या की आशंका जताई। नवाबगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर जांच की जा रही है।