कानपुर देहात के डेरापुर में मंगलवार को अमौली कुर्मियान गांव के ईंट-भट्ठे के पास कार से टक्कर होने के बाद बाइक सवार घायल हो गए थे। बाद मेें बाइक सवार पक्ष के लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर उनके परिचितों के घर में घुसकर मारपीट की थी।
पुलिस ने तहरीर पर नौ नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारपीट, धमकी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। डेरापुर के खालागांव निवासी दीपेश कटियार ने गांव के धर्मेंद्र, मन्ना, ज्ञान सिंह, अमर सिंह पूर्व प्रधान, अर्जुन, मुलायम सिंह, भूरा, भैरव, कमलेश सहित 50 अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया कि मंगलवार शाम उक्त सभी ने उसकी दो कारें तोड़ डाली।
घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देकर बरात न निकलने की बात कही थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर सभी मौके से फरार हो गए थे।
थाना प्रभारी पंजाब सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर नौ नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ बलवा, धमकी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, जबरन घर में घुसकर मारपीट करने धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं दूसरे पक्ष ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है, जो गश्त कर रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।