उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की बच्ची से पड़ोस में रहने वाले 13 वर्ष के किशोर ने दुष्कर्म किया। बच्ची के शोर मचाने पर भाई को आता देख आरोपी किशोर भाग निकला। एसपी, एएसपी और सीओ ने गांव जाकर घटना की जांच के बाद एसओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने किशोर के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा एक की छात्रा मंगलवार दोपहर घर के बाहर खेल रही थी। बच्ची के पिता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला 13 वर्षीय किशोर उसे खेलने के बहाने अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया।
बच्ची का शोर सुन उसका बड़ा भाई मौके पर पहुंचा तो आरोपी किशोर भाग निकला। पिता ने बताया कि घटना के वक्त वह पड़ोस में अलाव ताप रहा था, जबकि उसकी बीमार पत्नी घर में थी। बताया कि आरोपी किशोर अक्सर बच्ची के साथ खेलता था।
घटना की सूचना पर एसओ संतोष सिंह गांव पहुंचे और बच्ची के परिजनों से घटना की जानकारी लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना की। कुछ देर बाद सीओ पवन कुमार गांव पहुंचे और एसपी विक्रांतवीर को पूरे मामले से अवगत कराया।
शाम 6 बजे एसपी विक्रांतवीर, एएसपी दक्षिणी धवल जायसवाल भी गांव पहुंचे और बच्ची व उसके परिजनों से पूछताछ के बाद एसओ को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। एसओ ने किशोर के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। एसपी ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी किशोर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।