घायल पुलिसकर्मियों से मिलकर निकलते सीएम योगी
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने की घटना पर गहरा दुख जताया है। शुक्रवार को यहां पुलिस लाइन में शहीदों को नमन करने के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश सरकार शहीद हुए पुलिस कर्मियों के परिवार के एक-एक व्यक्ति को शासकीय नौकरी देगी।
साथ ही सभी शहीदों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये सहायता राशि के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा अप्रत्याशित पेंशन भी देंगे। उन्होंने कहा कि शहादत की कोई कीमत नहीं होती है। पुलिसकर्मी स्वयं के सुख चैन को भूलकर लगातार काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की तरफ से माफिया के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस टीम दबिश के लिए गई थी।
इन बहादुर जवानों की शहादत को कोटि कोटि नमन करता हूं। परिजनों को आश्वस्त करता हूं कि इनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। योगी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई दोषी बचने नहीं पाएगा। उनकी सरकार नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ शासन प्रणाली से जुड़े हर व्यक्ति, हर परिवार के साथ खड़ी है। घटना की पूरी समीक्षा और आगे रणनीति को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दूसरे मंत्री भी नजर बनाए हुए हैं।