कानपुर में बेसहारा पशु-पक्षियों के संरक्षण, इलाज और भोजन के लिए शहर के पशु प्रेमियों ने एकजुटता दिखाई है। ‘अमर उजाला’ की पहल पर पहली बार एकत्रित हुए पशु प्रेमियों ने पशु क्रूरता के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाएंगे।
इन पशु प्रेमियों ने अपना एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसकी मदद से इन्हें बीमार, भूख-प्यास से कराह रहे पशु पक्षियों की जानकारी मिलेगी और उन्हें तुरंत मदद दी जा सकेगी। अमर उजाला कार्यालय, फजलगंज में गुरुवार को आयोजित बैठक में पशु चिकित्सा विभाग और दवा व्यापारियों ने भी हर संभव मदद करने की बात कही।
पशु चिकित्सा विभाग पशु प्रेमियों को प्रशिक्षित करेगा, ताकि वे घायल पशुओं का इलाज कर सकें। दवा विक्रेता इन्हें न्यूनतम दाम पर दवाएं उपलब्ध कराएंगे। बैठक में पीएफए की अध्यक्ष अर्चना त्रिपाठी, नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल चंद्रा, संजय मेहरोत्रा, नंदकिशोर ओझा, प्रकाश कुमार, मनहर कांत, तरनजीत सिंह, कमल कुमार यादव, आशुतोष त्रिपाठी, हर्षित अवस्थी, अमन शुक्ला, लक्ष्मी माथुर, सौम्या सिंह, कनिका मिश्रा, अनिल मिश्रा, आकृति राजपाल, नयनप्रीत कौर, ज्ञानेंद्र अवस्थी, सुशील पांडेय, तान्या अवस्थी, प्रखर वाजपेयी, हिमांशु दीक्षित, सचिन गौड़, प्रखर तिवारी, सौम्या सिंह, साश्वत अवस्थी, विवेक तिवारी, एनके ओझा आदि मौजूद रहे।
क्या बोले पशु प्रेमी
पशुओं के अधिकारों के लिए काम करने वाले यूं तो शहर में बहुत से लोग हैं। ये सभी लोग अलग-अलग अपने स्तर पर कार्य करते हैं और अनेकों समस्याओं से रोज जूझते हैं। इन सभी को एक मंच पर लाने का बहुत समय से प्रयत्न कर रहा था, जिसे अमर उजाला ने पूरा कर दिया है।
गौरव बाजपेई, गौरैया संरक्षण अभियान
पशुओं के अधिकारों की जानकारी हर थाने में लिखित में होनी चाहिए। ताकि उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने वालों को संबंल मिल सके। साथ ही पुलिस को भी इस कार्य में सहभागिता दर्ज करानी चाहिए।
तमन्ना सेठी, स्पेशल ट्रीटमेंट फॉर एनिमल्स एंड रेपटाइल्स सोसाइटी
बेजुबानों पर हो रही क्रूरता के लिए हम सभी पशु प्रेमियों को एक साथ आना होगा। क्योंकि हम सभी का उद्देश्य मात्र इन बेजुबानों को बेहतर जीवन देना है। मेरा सभी पशु प्रेमियों से निवेदन है कि अमर उजाला द्वारा चलाई जा रही मुहिम में एक-दूसरे के सहयोगी बनें और इन जीवों के लिए एक बेहतर कल बनाएं।
मयंक त्रिपाठी, उम्मीद एक किरण
बेजुबान जीवों पर दया का भाव रखें और मांसाहार को त्यागने का प्रयास करें। क्योंकि आपकी जीभ की तृप्ति के लिए किसी जानवर की हत्या की जाती है। सड़कों पर वाहन चलाते वक्त अपनी गति नियंत्रित रखें, क्योंकि यह जानवर जख्मी होने के बाद अक्सर अस्पताल तक नहीं जा पाते और न ही इन्हें कोई मेडिकल सहायता मिल पाती है।
शुभांगी, रिस्पेक्ट द वॉइसलेस