जालौन जिले में ग्राम पंचायत सरावन के मनरेगा मजदूरों ने सरावन अमखेड़ा रोड पर पंचायत मित्र की ओर से हाजिरी में धांधली से नाराज होकर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। माधौगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत सरावन में काफी समय से पंचायत मित्र धर्मेन्द कुमार के खिलाफ मजदूरों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल याज्ञिक से भी शिकायत की थी।
मजदूरों की शिकायत है कि पंचायत मित्र हम मजदूरों की हाजिरी नहीं भरते हैं। उसी को लेकर 40 से अधिक मनरेगा मजदूरों ने सरावन अमखेड़ा रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी की। मजदूरों ने यहां दो घंटे से अधिक समय तक जाम लगाये रखा।
गोहन पुलिस ने मजदूरों से बात कर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। मजदूर सर्वेश कुमार, पिंकी देवी, वीर सिंह, पूजादेवी, लक्षमी, बंसती, राजकुमार, उमाशंकर आदि मजदूरों ने बताया कि पंचायत मित्र धर्मेन्द कुमार काफी समय से हाजिरी में गड़बड़ी कर रहा है।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि अगर 40 मजदूर काम करते हैं तो पंचायत मित्र 100 मजदूरों की हाजिरी भरता है। अगर हम लोग आधी खंती का काम करते हैं तो हाजिरी नहीं लगाई जाती। अपने चहेतों की बिना काम के हाजिरी लगा देते हैं। भुगतान के समय भी पंचायत मित्र गड़बड़ी कर रहा है। मजदूर पिंकी देवी, चतुर सिंह का कहना है कि पंचायत मित्र अपने पास अंगूठा मशीन रखता है और अंगूठा लगवाकर पैसे ले लेता है।