राजपुर। थाना क्षेत्र के खासबरा में बृहस्पतिवार रात शराब के नशे में बेटे ने मां के साथ मारपीट कर दी थी। मारपीट में घायल मां की जान चली गई थी। शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हत्यारोपी बेटे ने शराब के लिए रुपये न देने पर पत्नी की पिटाई करने से रोकने पर मां की डंडे से पिटाई करने की बात कुबूल की है।
राजपुर थानाध्यक्ष संजेश कुमार ने बताया कि एसआई उपेंद्र सिंह यादव ने टीम के साथ शनिवार को खासबरा मोड़ के पास घेराबंदी कर जालौन जनपद के सिरसा कलार थाना क्षेत्र के तरसौल निवासी विमलेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मां रामसखी को नाना ने खासबरा में घर दिया था। तभी से पूरा परिवार खासबरा में रह रहा है। बृहस्पतिवार को वह रतापुर गांव में फौजी नाम के युवक के यहां मजदूरी करने गया था। शाम को मजदूरी के रुपये मिलने पर उनसे पैलावर गांव के ठेके से शराब व अंडे खरीदे और खासबरा में बंबा किनारे बैठकर शराब पी और घर चला गया।
इसके बाद फिर से शराब पीने के लिए पत्नी दुर्गा से रुपये मांगे तो पत्नी ने इन्कार कर दिया। इससे नाराज होकर उसने कपड़ों में आग लगाने के लिए संदूक का ताला तोड़ने गया तो पत्नी ने रोकने का प्रयास किया। इस पर उसने पत्नी को चार थप्पड़ मार दिए। शोर सुन मां रामसखी बीच बचाव करने आईं तो उसने पास में पड़े डंडे से मां के ऊपर हमला कर दिया। मां के घायल होने पर वह डंडे को मौके पर छोड़कर भाग निकला। मां की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर वह पकड़े जाने के डर से रात भर खेत में छिपा रहा। सुबह भागने के प्रयास किया तो पुलिस ने पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्यारोपी विमलेश को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसको जेल भेजा गया है।
.....................
अधिक खून बहने से गई थी महिला की जान
रामसखी के शव का शनिवार को अकबरपुर में पोस्टमार्टम करवाया गया। रिपोर्ट में अधिक खून बहने से महिला की मौत होना पाया गया। मारपीट किए जाने से उनके दोनों पैर घुटने के नीचे से टूट गए थे जबकि बाएं हाथ में भी गंभीर चोटों के निशान मिले। पोस्टमार्टम के बाद शव खासबरा गांव पहुंचने पर परिजन रोने लगे। पति लल्लू सिंह ने कहा पत्नी की हत्या करने वाले बेटे विमलेश से अब उनका कोई वास्ता नहीं है। उसकी जमानत के लिए वह व कोई रिश्तेदार आगे नहीं आएंगे। वह चाहते हैं कि हत्यारोपी बेटे की जिंदगी जेल में ही गुजरे। वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में विमलेश शराब के नशे में घटना हो जाने की बात कह अफसोस जताता रहा।