लालच का कद कितना बड़ा हो सकता है इसका पता तब लग गया जब कुछ लोगों ने गढ़े हुए धन के लालच में मंदिर को बर्बाद करने में बिल्कुल भी उन्हें संकोच नहीं हुआ।
उत्तर प्रदेश के महोबा के विकासखंड पनवाड़ी के भरवारा गांव में दफीनेबाजों ने धन के लालच में प्राचीन रामजानकी मंदिर में पांच फीट गहरा गड्ढा कर दिया। गुरुवार ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर गए तो गड्ढा देख दंग रह गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भरवारा गांव में रामजानकी का प्राचीन मंदिर है। मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के कीरतपुरा गांव निवासी गजराज तिवारी मंदिर में रहकर पूजा अर्चना करता है। दो दिन पहले पुजारी अपने घर चला गया। बुधवार की रात दफीनेबाजों ने मंदिर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर रामजानकी प्रतिमा के बगल में धन होने के लालच में गहरा गड्ढा खोद डाला और फरार हो गए।
गुरुवार की सुबह संतोष पालीवाल, सुखलाल राजपूत, चंद्रभान समेत एक दर्जन से अधिक लोगों ने थाना पनवाड़ी पहुंच घटना की जानकारी दी। पांच वर्ष पहले भी दफीनेबाजों ने मंदिर परिसर खोदा था। उन्होंने जांच कराकर ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।