इटावा। क्षेत्र के लोकासई नहर पुल के पास बुधवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। नाथूराम (65) निवासी कांकरपुर थाना चौबिया बाइक से अपने भतीजे सर्वेश के साथ इटावा की ओर जा रहे थे। तभी लोकासई नहर पुल के पास मक्का लाद कर आ रहे ओवरलोड ट्रैक्टर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
इससे बाइक चला रहे नाथूराम ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। भतीजा सर्वेश मामूली रूप से चोटिल हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद प्रधान कुलदीप ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजन लोडर से शव लेकर जिला अस्पताल ले आए। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को भी पकड़ लिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।