भरथना। कस्बा के मोहल्ला कल्याण नगर में पिछले पांच दिनों से बिजली का खंभा जमीन से उखड़कर एक मकान के छज्जे पर टिका हुआ है। यह खंभा कभी भी नीचे गिर सकता है। इससे बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का आरोप है कि बिजली निगम को सूचना दिए जाने के बाद भी अभी तक खंभे को हटाया नहीं गया है।
कल्याण नगर निवासी अमित श्रीवास्तव का कहना है कि पांच दिन पूर्व उनके घर के सामने लगा बिजली का खंभा उनके मकान के छज्जे पर आकर गिर गया था। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत ही बिजली निगम को दी थी। इसके बाद भी इस गिरे हुए बिजली के खंभे को हटाने के लिए नहीं पहुंचा। यह खंभा कभी भी नीचे गिर सकता है जिससे हादसा होने की आशंका बनी हुई है। मोहल्ले के राजेन्द्र सिंह, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, रंजीत ठाकुर, विजय दुबे और शिवम पोरवाल आदि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली निगम को खंभा हटाने के निर्देश दिए जाएं।