संदलपुर। भूमिगत जलस्तर को संतुलित रखने व पशुओं को पानी उपलब्ध कराने के लिए असवी गांव में एक वर्ष पहले अमृत सरोवर का निमार्ण कराया गया था। देखरेख के अभाव में अब तालाब सूखा पड़ा है। वहीं आस-पास रखी गई कुर्सियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। तालाब सूखा होने से बच्चों ने इसे खेल का मैदान बना लिया है।
गांव के रामकिशोर, प्रदीप कुमार ने बताया कि तालाब की देखभाल न होने से तालाब के किनारे बैठने के लिए पड़ी कुर्सियां टूट गई हैं। निमार्ण के दौरान तालाब के चारों ओर फुटपाथ पर इंटरलाकिंग नहीं की गई। इससे बारिश के समय लोगों को टहलने में दिक्कत होती है। वहीं तालाब सूखा पड़े होने युवाओं ने अपना खेल का मैदान बना लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत असवी में मनरेगा से करीब 20 लाख रुपये खर्च कर वर्ष 2024 में अमृत सरोवर तालाब का निर्माण कराया गया था।
निर्माण के दौरान तालाब के चारों तरफ जाली से घेरने के साथ ही टहलने के लिए आने वाले लोगों के बैठने व झंडा रोहण स्थल भी बनाया गया। जिससे गांव के लोग सुबह-शाम सरोवर के किनारे सैर कर स्वास्थ्य का लाभ उठा सकें, लेकिन अनदेखी से तालाब बदहाल पड़ा है। बीडीओ संदलपुर आशुतोष शुक्ला ने बताया कि असवी अमृत सरोवर तालाब के बारे में जानकारी कर व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश संबंधित सचिव व प्रधान को दिए जाएंगे।