फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कन्नौज: गैस रिसाव से जानवरों, बच्चों, ग्रामीणों को होने लगी थी बेचैनी, दूसरे दिन भी दहशत में रहे ग्रामीण

Tue, 04 Aug 2020 12:21 AM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कन्नौज
विज्ञापन
शीतगृह में अमोनिया का पाइप फटा, दो की हालत बिगड़ी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कन्नौज जिले के कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस का रिसाव और उससे हुई दिक्कत को महसूस करने वाले ग्रामीण दूसरे दिन सोमवार को भी दहशत में दिखे। लोग जगह-जगह चौपाल लगाकर तरह-तरह से घटना का बखान करते रहे। वहीं आमोनिया गैस से ज्यादा प्रभावित हुए कोल्ड स्टोर कर्मचारी की हालत ठीक बताई जा रही है। ट्रक चालक कानपुर हैलट की आईसीयू में है।
विज्ञापन


सदर कोतवाली क्षेत्र के शहजापुर में अशोक नगर निवासी राम दीक्षित के आशा कोल्ड स्टोरेज में रविवार रात अमोनिया का रिसाव हो गया था। अमेठी निवासी ट्रक चालक प्रवीन यादव उर्फ प्रमेंद्र ने ट्रक बैक करते समय अमोनिया गैस के आक्सीजन कन्वर्टर (झरना) में टक्कर मार दी थी। इससे पाइप फट गया और अमोनिया गैस का तेज रिसाव होेने लगा।

ट्रक चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर हैलट भेज दिया गया था। हादसे के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। शहजापुर गांव निवासी सिया प्रसाद का कहना है कि वे रात आठ बजे खाना खाने जा रहे थे। तभी तेज आवाज हुई और बदबूदार गैस से बेचैनी होने लगी।
विज्ञापन


हम लोग कुछ समझ पाते कि गांव के पास के आशा कोल्ड में कर्मचारियों की चीख-पुकार से पता चला कि गैस का रिसाव हो गया है। कुछ ही देर में अमोनिया गैस की दुर्गंध पूरे गांव में फैल गई। जानवर बेहोश होने लगे। दम घुटने के साथ उल्टी होने लगी। इसके बाद ग्रामीण जान बचाने के लिए खेतों की ओर भाग खड़े हुए।

गांव के ही संतोष कुमार ने कहा कि वे घर में खाना खा रहे थे। तभी गांव के लोग शोर करते हुए खेतों की तरह भाग रहे थे। पहले उसे लगा कि भूकंप आ गया है, लेकिन भाग रहे लोगों ने बताया कि कोल्ड स्टोर से खतरनाक गैस निकल रही है। बचने के लिए लोग घरों से निकल कर खेतों की ओर जा रहे थे। वे भी अपने बच्चों, घरवालों को लेकर खेत की ओर दूर जा खड़े हुए।

गांव के सुखवासी ने बताया कि धमाके के बाद कोल्ड स्टोर के अंदर कर्मचारी ट्रक की टक्कर से गैस पाइप फटने की बात कहते हुए भाग रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब हवा के उल्टी दिशा में भागने को कहा तो सभी लोग बिना कुछ सोचे समझे भाग लिए। लौटे रात में जब दुर्गंध कम हो गई।

ग्रामीण रमेश चंद और आत्मा राम ने कहा कि गांव के पास कोल्ड स्टोर होने पर ज्यादा इंतजाम रखना चाहिए। कोल्ड स्टोर मालिक और प्रशासन को ऐसा इंतजाम करना चाहिए कि घटना हो तो सब बच जाएं। रात में तो सभी घबरा गए थे। बच्चे रोने लगे थे। कौनो जाग रहे थे तो कौनो सोई रहे थे। लेइके भागा गवा।

कुछ हद तक फसलें भी प्रभावित
कोल्ड स्टोर में गैस रिसाव से बगल की करीब आधा बीघा मूंगफली की फसल पीली पड़ गई है। किसानों का कहना है कि अगर थोड़ी ही देर और रिसाव होता तो आसपास खड़ी फसल खराब हो जाती।

उद्यान विभाग कोल्ड स्टोर मालिकों को भेजेगा नोटिस
कोल्ड स्टोर में आमोनिया गैस के रिसाव की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी आमोनिया गैस का रिसाव और कोल्ड स्टोर में आग लगने की घटनाएं दूसरे स्टोरेज में हो चुकी हैं। घटनाओं के बाद जिला उद्यान विभाग जांच कर कार्रवाई करने की बात कहता है, लेकिन थोड़े ही दिन बाद जांच ठंडे बस्ते में चली जाती है।

कोल्ड स्टोर में मशीन रूम के पास इलाके को प्रतिबंधित क्षेत्र में रखा जाता है। यहां सिर्फ आपरेटर और इंजीनियर को आने-जाने की अनुमति होती है। इसके बाद भी रविवार को आशा कोल्ड स्टोर में मशीन रूम के पास ट्रक पहुंच गया। चर्चा है कि नशे में चालक ने आक्सीजन कन्वर्टर (झरने) में टक्कर मार दी। जिससे गैस का रिसाव होने लगा।

जिला उद्यान अधिकारी मनोज चतुर्वेदी ने बताया कि मशीन रूम के आसपास बैरिकेडिंग होनी चाहिए। यहां सिर्फ इंजीनियर और आपरेटर को जाने का नियम है। अब घटना के बाद जिले के सभी 135 कोल्ड मालिकों को नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस में मशीन रूम और उसके पास के इलाके को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएंगे। आशा कोल्ड स्टोर अभी नया बना है, उसके मानक पूरे हैं। ऐसे में किसी विशेष जांच की आवश्यकता नहीं है।
विज्ञापन

जिले में हुई प्रमुख घटनाएं
28 दिसंबर 2012- इस्माइलपुर स्थित कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस के रिसाव से दो कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई थी।
14 जून 2014- जिला अस्पताल जीटी रोड के पास अमोनिया गैस के रिसाव से किसानों फसलें नष्ट हुई थीं।
05 जनवरी 2013- छिबरामऊ के सराय दायमगंज में कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस के रिसाव से किसानों की फसलें नष्ट हुई थीं।
18 मार्च 2015- मरम्मत के दौरान गुरसहायगंज के तेराजाकेट स्थित कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था।
24 दिसंबर 2016- ठठिया के सुर्सी स्थित कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस के रिसाव से एक कर्मचारी की हालत बिगड़ गई थी।
17 दिसंबर 2017- मानीमऊ में ठठिया रोड स्थित कोल्ड स्टोर में आग लग गई थी।

डीएम राकेश कुमार मिश्र का कहना है कि ट्रक चालक की लापरवाही से अमोनिया गैस रिसाव का यह हादसा हुआ है। जिला उद्यान अधिकारी से कहा गया है कि वे कोल्ड स्टोर मालिकों को पत्र भेजकर संसाधन को दुरुस्त रखने को कहें। यह कोल्ड स्टोरेज नया है, इसके कागजात पूरे होने की बात विभाग ने बताई है। विभाग अपने स्तर से जांच कर सचेत करेगा। आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अमोनिया गैस का रिसाव कुछ ही देर बाद रोक दिया गया था।

कोल्ड स्टोर मालिक के भतीजे कन्हैया दीक्षित का कहना है कि ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हो गया था। कुछ ही समय में रिसाव बंद करा दिया गया था। इससे आसपास के लोगाें को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। लोगों में घबराहट के चलते अफरातफरी मच गई थी। गेट मैन को उधर नहीं जाना चाहिए था, वह समझ नहीं पाया और चला गया। अब सभी की हालत ठीक है। दोनों का इलाज कराया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें