यूपी के उन्नाव जिले में औरास थानाक्षेत्र के हाजीपुर गोसा में मरीज को एंबुलेंस नहीं मिल सकी। कई बार फोन करने के बाद भी जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो परिजन मरीज को ठेलिया (रिक्शा) से अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के बाद वह ठेलिया से ही घर ले गए।
औरास के हाजीपुर गोसा निवासी राजू पुत्र फकीरे की गुरुवार को बुखार से तबीयत बिगड़ गई। फकीरे के अनुसार उन्होंने कई बार एंबुलेंस को फोन मिलाया लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। एक बार फोन मिला तो बीस मिनट बाद एंबुलेंस पहुंचने की बात कही गई लेकिन इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई।
ऐसे में वह राजू को ठेलिया (रिक्शा) पर लादकर औरास सीएचसी पहुंचे। जहां राजू का उपचार किया गया। 108 एंबुलेंस सेवा के नोडल प्रभारी विक्रम ने बताया कि कई बार एंबुलेंस मरीज को लाने और ले जाने में जाम में फंस जाती हैं। ऐसे में देर हो जाती है। मरीज की ओर से दोबारा संपर्क नहीं किया गया था।