महापौर बनने की जोर-आजमाइश में जुटीं प्रत्याशियों से सीधे संवाद के लिए अमर उजाला ने शहरवासियों को जनसंवाद का मंच दिया। कानपुरवासियों ने भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पांडेय, सपा प्रत्याशी माया गुप्ता और कांग्रेस प्रत्याशी बंदना मिश्रा से फोन कॉल के जरिए अपने सवाल पूछे। शहरवासियों ने प्रत्याशियों से विकास, शहर की समस्याओं को दूर करने की योजनाओं की जानकारी ली।
विज्ञापन
पेश हैं तीनों पार्टी की प्रत्याशियों से बातचीत के अंश...
सारे सिस्टम मैं कानपुर के ठीक कर दूंगीः भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पांडेय
भाजपा महापौर प्रत्याशी प्रमिला पांडेय
कानपुर में भाजपा से महापौर प्रत्याशी प्रमिला पांडेय शनिवार को अमर उजाला कार्यालय जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उन्होंने फोनकॉल पर जनता के सवालों के जवाब दिए। प्रमिला ने कहा कि अगर मैं जीती तो शहर के वार्डों का काम देखकर ही लोगों को पता चल जाएगा कि इस शहर के बिगड़े स्वरूप को भाजपा कैसे सुधार रही है। जब मैं महापौर की शपथ लूंगी तब देखना सारे सिस्टम मैं कानपुर के ठीक कर दूंगी। मैं अपना एक अलग कंट्रोल रूम बनाऊंगी। सभी 110 वार्ड में कंप्लेनबॉक्स रखवाकर समस्याओं का निराकरण कराऊंगी। प्रमिला ने कहा कि सफाई पर हमारा विशेष ध्यान रहेगा। जब उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार नहीं थी तो कोई भी प्रोजेक्ट शहर का पास नहीं होता था। अब केंद्र में भी हमारी भाजपा की सरकार है और राज्य में भी। हम डंके की चोट पर कानपुर शहर की समस्याओं को दूर करने का प्रोजेक्ट बनाकर पास करवाकर लाएंगे। पूरे शहर के बुद्धिजीवियों को एक साथ बैठाकर यहां के विकास के लिए बातचीत होगी। उसी बातचीत में 10 बड़े प्वाइंट बनाकर शहर की खुशहाली के लिए कुछ नया काम कराया जाएगा।
शहर को घर जैसे सजाएंगेः सपा प्रत्याशी माया गुप्ता
सपा महापौर प्रत्याशी माया गुप्ता
अमर उजाला जनसंवाद कार्यक्रम में सपा प्रत्याशी माया गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से मैंने अपने घर को संवारा है, उसी तरह अब यह शहर हमारा घर है। मेयर बनने के बाद इसे भी घर की तरह सजाऊंगी। इसके लिए शहर की जनता को साथ लेकर चलेंगे। सफाई के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा, जहां जरूरत होगी, सख्ती भी की जाएगी।जवाब:जिस तरह से चुनाव में मैं घर-घर जा रही हूं, उसी तरह महापौर बनने के बाद भी घर-घर जाऊंगी। जहां नहीं पहुंच पाई वहां अपील करूंगी कि लोग किसी भी समय उनसे आकर मिल सकते हैं। जनता की सेवा करना ही उनका एक मात्र काम रहेगा। सबसे पहले शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। इसके लिए जगह जगह कूड़ेदान रखे जाएंगे। घर-घर निगम के माध्यम से मुनादी कराई जाएगी। जिससे लोगों को घर का कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की आदत पड़ जाए। निगम बोर्ड की बैठकें होती हैं, उसमें पार्षदों के साथ मिल बैठकर मसले पर चर्चा की जाएगी। जो भी सार्थक समाधान होगा, निकाला जाएगा। सपा सरकार ने निगम के माध्यम से शहर में बहुत विकास कराए हैं। प्रदेश में सरकार कोई भी होगी, निगम के अधिकार क्षेत्र के लिए जो भी निर्धारित बजट होगा, उसे शहर के विकास में लगाया जाएगा।
योजना बनाकर शहर की समस्याएं दूर करूंगीः कांग्रेस प्रत्याशी बंदना मिश्रा
कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी बंदना मिश्रा
जनसंवाद कार्यक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी बंदना मिश्रा ने कहा कि सबसे पहले शहर की गंदगी और सड़कों की स्थिति में सुधार लाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे। कूड़ाघरों का निर्माण, डस्टबिन की व्यवस्थाओं के साथ ही लोगों को सफाई के अभियान से जोड़ेंगे। सड़कों को गड्ढामुक्त कराएंगे। सभी के सहयोग से अतिक्रमण हटवाकर यातायात की स्थिति सुधारेंगे। मैं जनता के बीच रहकर ही काम करूंगी। देश में ऐसे कई एनजीओ काम कर रहे हैं, जो जन सुविधाओं के विकास में सहयोगी बनने को तैयार रहते हैं। इनकी मदद ली जाएगी। विकास के लिए विश्व बैंक से भी फंड लेकर शहर की सूरत बदलने का इरादा है। अच्छे काम के लिए इच्छाशक्ति की जरूरत होती है, जो अभी तक नहीं दिखाई गई। मैं इसी शहर की निवासी हूं। मुझे यहां की भौगोलिक स्थिति और समस्याओं की जानकारी है। शहर की समस्याओं की प्राथमिकता सूची बनाकर इन्हें दूर करने की योजना पर काम होगा। आवारा पशुओं के लिए शेल्टर होम बनवाएंगे। हम शिक्षा से क्षेत्र से जुड़े हैं। इसका महत्व समझते हैं। आरटीई के अंतर्गत सरकार से चयनित कई बच्चे हमारे स्कूल में शिक्षा पा रहे हैं। निगम के स्कूलों की हालात सुधारकर इनमें उच्चस्तरीय शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।