कानपुर में सोने के गहनों पर हॉलमार्क लागू हुए तीन साल से ज्यादा समय बीत गया है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में शहर के सराफा 40 लाख से कम टर्नओवर दिखाकर लाइसेंस प्रक्रिया से बाहर हैं। अब थोक के साथ रिटेलर सराफा भी भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के रडार पर हैं। जानकारों का कहना है कि सोना-चांदी के भाव इतने ज्यादा हो चुके हैं कि वो टर्नओवर के दायरे से बहुत ऊपर हैं, लेकिन जानबूझकर लाइसेंस नहीं ले रहे हैं।
ऐसे कारोबारियों की निगरानी की जा रही है। बुधवार को बीआईएस अफसरों की टीम ने शहर के थोक बाजार चौक और धोबीमोहाल के दो सराफा प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। टीम ने 50 लाख रुपये के बिना हॉलमार्क के गहनों को जब्त किया। शहर में बिरहाना रोड, नयागंज, चौक, धोबीमोहाल में थोक बाजार हैं। शहर भर में दो हजार से ज्यादा शोरूम-दुकानें हैं। यहां पर सामान्य दिनों में 35-40 किलो सोना की बिक्री होती रही है। 23 जून 2021 में बीआईएस के नियम लागू किए गए थे।