करीब 50 मीटर हिस्से में बाउंड्री बनवाना भूल गया
पूर्व नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने एक साल पहले निरीक्षण के दौरान चार शेड बनवाने के निर्देश दिए थे, ताकि गोशाला में 2000 मवेशी रह सकें, लेकिन उनके निर्देशों का पालन नहीं हुआ। नगर निगम ने यहां पर दो ही शेड, चरही, नादी, गेट, बाउंड्री बनवाई, लेकिन गोशाला के पीछे की ओर करीब 50 मीटर हिस्से में बाउंड्री बनवाना भूल गया। वहीं, चार महीने पहले नगर निगम जोन-2 के प्रभारी अभियंता दिवाकर भास्कर ने जल्द ही बाउंड्री बनवाने का दावा किया था। अमर उजाला ने मौके पर पड़ताल की तो दावा हवाहवाई साबित हुआ।
गोशालाओं में क्षमता से ज्यादा गोवंश
ग्राम किशनपुर में ही राधा उपवन के बगल में कान्हा गोशाला एवं बेसहारा पशु आश्रय स्थल बना है। इसमें क्षमता से अधिक (करीब पांच हजार) मवेशी हैं। इसी तरह पनकी स्थित नंदी गृह और जाजमऊ गोशाला में क्षमता से ज्यादा मवेशी हैं।
राधा उपवन की अधूरी बाउंड्री बनवाने के लिए टेंडर हो गए हैं। 20-25 दिन में कार्य पूरा करा लिया जाएगा। -एसएफए जैदी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
सीएम की सख्ती पर अफसरों ने सुबह पांच बजे फील्ड पर निकलकर की खानापूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमिश्नर, डीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 15 दिन पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग की थी, जिसमें सीएम की प्राथमिकता वाले कई कार्य अधूरे होने पर नाराजगी जताई थी। सख्ती के चलते दूसरे दिन सुबह पांच बजे कमिश्नर, डीएम, केडीए वीसी, केस्को एमडी, नगर आयुक्त समेत अन्य अफसर फील्ड पर नजर आए थे। माल रोड, जाजमऊ में सड़क चौड़ीकरण, भौंती में ग्रीनबेल्ट का निरीक्षण कर निर्देश भी दिए थे, लेकिन स्थिति जस की तस है।