कानपुर। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव से डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ गया है। डेंगू के संक्रमित लगातार मिल रहे हैं। साथ ही इक्का-दुक्का मलेरिया के रोगी आ रहे हैं। वहीं डेंगू लाइक फीवर के रोगियों की संख्या सबसे अधिक है। इन रोगियों में सारे लक्षण डेंगू के रहते हैं। प्लेटलेट्स काउंट भी कम हो जाता है लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आ रही है।
एसीएमओ डॉ. रवींद्र प्रताप मिश्रा ने बताया कि शहर में डेंगू, चिकुनगुनिया को लेकर 38 क्षेत्र हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जनवरी से अब तक डेंगू के 38, मलेरिया के 30 और चिकुनगुनिया का एक संक्रमित मिला है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान हॉट स्पॉट पर फोकस किया गया है। जहां संक्रमित मिलते हैं वहां दवा का छिड़काव करा दिया जाता है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि डेंगू और मलेरिया के इक्का-दुक्का संक्रमित आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओपीडी में डेंगू लाइक फीवर के रोगी आ रहे हैं। इनकी डेंगू की जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है लेकिन प्लेटलेट्स काउंट कम रहता है। ठंड लगने के साथ तेज बुखार आता है। जो पुराने रोगी हैं, उनमें जटिलताएं बढ़ जाती हैं। सांस में दिक्कत होने लगती है। गंभीर स्थिति में आने वाले रोगियों को इमरजेंसी में भर्ती किया जा रहा है।