कानपुर। निरालानगर स्थित राधा वाटिका पार्क के आगे बनीं दुकानों का आवंटन निरस्त किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम शर्तों का उल्लंघन करने वाली दुकानों का कब्जा लेगा। इनमें से एक दुकान अखिलेश दुबे के नाम से आवंटित बताई जा रही है जिसे बाद में बेच दिया गया। वर्तमान में इसमें शराब की दुकान संचालित हो रही हैं।
नगर निगम ने दो दशक पहले निरालानगर में स्थित राधा वाटिका पार्क के आगे 12 दुकानें आवंटित की थीं। एक व्यक्ति ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई थी कि दुकानों ने पार्क की जगह पर भी कब्जा कर लिया है। साथ ही मूल आवंटियों ने दुकानों को बेच दिया। नगर निगम जोन-5 के जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी, प्रभारी अभियंता, कर अधीक्षक ने मामले की जांच की तो पता चला कि नगर निगम के मूल आवंटियों ने दुकानों को किसी को और बेच दिया है। रिपोर्ट नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को भेज दी गई है।
अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि इनमें से एक दुकान अखिलेश दुबे को आवंटित थी जिसे उसने दूसरे को बेच दिया। पार्क के गलियारों पर दुकान संचालकाें ने कब्जा कर पीछे की तरफ से बढ़ा लिया है। इनमें भोजनालय और शराब की दुकानें संचालित हैं। कब्जा लेने के लिए दुकान संचालकों को नोटिस देकर खाली करने के लिए निर्देशित किया है।
कोट
राधा वाटिका पार्क की दुकानों के संबंध में जांच समिति की रिपोर्ट आ गई है। वहां आवंटित जिन-जिन दुकानों के आवंटियों ने आवंटन शर्तों का उल्लंघन किया है, नियमों का पालन नहीं किया है, उन सभी दुकानों को निरस्त किया जाएगा।
- अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त