कानपुर में कर्नलगंज पुलिस ने शनिवार को कथित डी-कंपनी के गुर्गे को फिर उठा लिया है। उसके पास से एक पासपोर्ट भी बरामद हुआ है। वहीं एक पासपोर्ट गायब है। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। उधर एलआईयू की टीम ने उसके पासपोर्ट की जांच कर रही है।
अगर डी-कंपनी से कनेक्शन के साक्ष्य मिलते हैं तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। गुरुवार को चुन्नीगंज चौराहे से कर्नलगंज थाने के एक दरोगा ने बेकनगंज निवासी एक शातिर को पकड़ा था। उसके पास से दो पासपोर्ट मिले थे।
चर्चा थी कि शातिर डी-कंपनी से जुड़ा है। इसके बावजूद दरोगा ने उसे छोड़ दिया। जानकारी होने पर एसपी पश्चिम अनिल कुमार ने मामले में जांच कर्नलगंज इंस्पेक्टर देवेंद्र विक्रम सिंह को सौंपी थी। एसपी ने बताया कि शनिवार को उस युवक को दोबारा उठाया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
पता चला है कि 1997 में उसको दिल्ली एयरपोर्ट से 23 लाख रुपये के डॉलर बरामद हुए थे। वह पूरी रकम लेकर दुबई जाने की फिराक में था। तब कस्टम ने उस पर कार्रवाई कर जेल भेजा था। अब पुलिस पता कर रही है कि आखिर उस मामले की जांच में क्या खुलासा हुआ था। युवक पर एक छेड़छाड़ का भी मामला दर्ज है।