रूरा। नगर की साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण में कथित अनियमितता और मनमानी के खिलाफ शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। आरोप है कि टोकन मिलने के बावजूद किसानों को 15-15 दिन बीत जाने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। हालांकि शाम करीब चार बजे एसडीएम से फोन पर वार्ता होने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
धरने पर बैठे किसानों ने बताया कि गैजुमऊ के जौहरी लाल, बैजुपुरवा के नेपाल सिंह, ठकुरन गढ़ेवा के पप्पू सिंह, महावीर और शिवपाल, जगनपुर के हृदयनारायण पाल कई दिनों से खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं। जबकि सुमेरपुर की फूलमति, गुलाबपुरवा की सुनीता, इंजुआरामपुर के राजेश सिंह, सराय के रामकृष्ण यादव, मदनमोहन तथा अंबरपुर के मुखिया पाल और अरविंद यादव सहित सैकड़ों किसान लंबे समय से खाद के लिए परेशान हैं।
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष रामजी गुप्ता, यदुवीर सिंह, शैलेंद्र सिंह राजावत, उत्तम यादव समेत कई भाजपा कार्यकर्ता भी किसानों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि सचिव जानबूझकर भाजपा के मुख्य मतदाताओं को खाद नहीं दे रहा है, जिससे सरकार की स्वच्छ छवि को धूमिल किया जा सके। जबकि अन्य दलों के लोगों को बुलाकर आसानी से खाद बांटी जा रही है। इससे पहले समिति के अध्यक्ष रजोल शुक्ला ने भी सचिव पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एआर आशीष कुमार ने स्पष्ट किया कि सभी समितियों के सचिव अपनी विभिन्न मांगों को लेकर इस समय लखनऊ में धरने पर गए हुए हैं। चूंकि सचिव का अंगूठा पास मशीन में फीड होना अनिवार्य है। इसलिए उनकी अनुपस्थिति में वितरण कार्य बाधित हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सचिवों का धरना समाप्त होते ही समिति पर खाद का वितरण दोबारा सुचारु रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
हालांकि शाम करीब चार बजे एसडीएम राजकुमार पांडेय से फोन पर वार्ता होने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। यदुवीर भदौरिया ने बताया कि एसडीएम ने शनिवार से खाद का वितरण शुरू कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर वितरण शुरू नहीं हुआ तो कार्यकर्ता और किसान दोबारा धरना देने के लिए बाध्य होंगे।