एसी खराब होने के कारण बेहाल खड़े यात्री
- फोटो : अमर उजाला
कानपुरः ट्रेनों के एसी खराब होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को दो स्पेशल ट्रेनों समेत चार ट्रेनों के एसी फेल हो गए। तीन ट्रेनों की कुछ बोगियों के एसी खराब थे, लेकिन पटना-इंदौर स्पेशल ट्रेन के सभी एसी कोच रात भर खराब रहने से ‘डब्बे’ में बंद यात्रियों का धैर्य सेंट्रल पर जवाब दे गया। यहां यात्रियों ने बार-बार चेनपुलिंग कर ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने दिया। रेलवे के टेक्निकल स्टाफ ने एसी की मरम्मत कर ट्रेनों को रवाना किया। इस कारण ट्रेन तीन घंटे तक प्लेटफार्म पर खड़ी रही।
पटना-इंदौर समर स्पेशल ट्रेन (09308) का पूरा चार्जिंग सिस्टम फेल था। ट्रेन चलने के बाद से ही बोगियों के एसी बार-बार ट्रिप कर रहे थे। बुधवार शाम पौने पांच बजे मुगलसराय के आगे अचानक सारे एसी फेल हो गए। इसपर कई बार यात्रियों ने हंगामा किया लेकिन ट्रेन को कानपुर सेंट्रल में बनवाने की बात कहकर रवाना किया जाता रहा। स्पेशल ट्रेन होने की वजह से इसे वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर और लखनऊ रूट के लंबे रास्ते से चलाया जा रहा है।
रात भर एसी कोच के यात्री गर्मी में तड़पते रहे। खिड़की बंद होने से हवा तक उन्हें नसीब नहीं हुई। बच्चों का गर्मी से बुरा हाल रहा। सुबह जब ट्रेन 6:29 बजे सेंट्रल के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची और 10 मिनट बाद चलने लगी तो यात्रियों ने तीन बार चेन पुलिंग की और ट्रेन को रोक दिया। हंगामा करते हुए एसी ठीक करने की मांग की। रेलवे के टेक्निकल स्टाफ ने तीन घंटे मरम्मत करने के बाद सुबह 9:45 बजे ट्रेन को इंदौर के लिए रवाना किया।
इसके अलावा आनंद विहार-जयनगर स्पेशल ट्रेन (04042) का बी-1 कोच में चार्जिंग खत्म होने की वजह से एसी फेल था। ट्रेन गुरुवार सुबह 8:43 बजे प्लेटफार्म नंबर चार पर आई। यहां चार्जिंग के बाद सुबह 9:03 बजे रवाना कर दी गई। वहीं गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस के बी-1 कोच का एसी फेल था। इस कोच की बैट्री को चार्ज कर भेजा गया। प्लेटफार्म नंबर पांच पर ट्रेन दोपहर 12:40 बजे आई और 12:54 बजे गई। जबकि नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में सेकेंड एसी कोच ए-1 की जगह थर्ड एसी कोच लगा दिया गया था। इससे बैट्री चार्जिंग में दिक्कत हो रही थी। यह ट्रेन दोपहर 2:58 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर आई। इसके यात्रियों को दूसरे एसी कोच में शिफ्ट कर दिया गया। 3:21 बजे ट्रेन रवाना हुई।