फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कन्नौजः दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाश, मां-बेटी को किया घायल

Thu, 07 Jun 2018 11:53 PM IST
टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कन्नौजः शहर की आवास विकास कालोनी में दिनदहाड़े लूट के इरादे से घुसे दो बदमाशों ने मां-बेटी पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने महिला के सिर पर गैस सिलेंडर पटक दिया और बेटी के सिर पर तमंचे की बट मारने के साथ ही चाकू से भी हमला बोला। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों को दबोच लिया। लोगोें ने इनकी जमकर पिटाई की। दोपहर करीब दो बजे हुई घटना के कुछ ही देर बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। इसने घायल मां बेटी को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बदमाशों को हिरासत में ले लिया और कोतवाली लाकर पूछताछ की। दोनों छिबरामऊ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। 
विज्ञापन



आवास विकास कालोनी निवासी संजय मिश्रा विकास विभाग कन्नौज में मनरेगा सेल में लेखाकार हैं। वह सुबह ड्यूटी पर चले गए। घर पर उनकी पत्नी सुधा मिश्रा (54) व पुत्री रुपाली मिश्रा (24) थी। दोपहर करीब दो बजे दो बदमाश उनके घर पहुंचे और बाहर से आवाज लगाई। सुधा मिश्रा ने जब बालकनी से पूछा तो एक युवक ने कहा कि आपका कोरियर आया है। इस पर मां-बेटी नीचे आईं और मेन गेट खोल दिया। गेट खुलने पर एक बदमाश ने पानी मांगा। रुपाली पानी लेने ऊपर चली गई। इस बीच दोनों बदमाशों ने सुधा के सिर पर जीने के पास रखे गैस सिलेंडर को दे मारा। इससे वह लहूलुहान हो बेहोश हो गईं। चीख सुनकर रूपाली नीचे दौड़ती आई तो बदमाशों ने तमंचे की बट व चाकुओं से उस पर भी हमला कर दिए। 


मां-बेटी की चीखपुकार सुन आस-पड़ोस के लोग उनके घर की ओर दौड़े। इस बीच बदमाश भाग खड़े हुए। मोहल्ले वालों ने इनका दूर तक पीछा किया और धर दबोचा। फिर उनकी जमकर पिटाई की। सूचना पाकर पुलिस सर्विलांस टीम व कोतवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को भीड़ से बदमाशों को छुड़ाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सर्विलांस टीम प्रभारी दोनों बदमाशों को अपने साथ कोतवाली ले गई। उधर, घायल मां-बेटी को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम भोले पांडेय पुत्र ओमचंद्र निवासी अतिराजपुर, छिबरामऊ व शिब्बू पुत्र अरविंद सिंह निवासी मान नगला कसावा, छिबरामऊ बताया। 
विज्ञापन



घटना से पहले की गई रेकी 
घटना के पूर्व बदमाशों ने मकान की रेकी की। दोपहर के वक्त घर पर केवल मां-बेटी के रहने की बात जान उन्होंने वारदात के लिए गुरुवार दोपहर का समय चुना। घर के मालिक संजय मिश्रा सुबह ही ड्यूटी करने जिला मुख्यालय कन्नौज चले जाते थे। गर्मी के चलते मोहल्ले के लोग भी घरों में दुबके होते थे। ऐसे में बदमाशों इसी समय को चुना। कोरियर वाला बनकर आवाज लगाई। जब मां-बेटी ने पूछा, कहां से कोरियर आया है तो  उन्होंने कहा कि कोरियर में उनकी बेटी का एडमिट कार्ड है। सुधा मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी रुपाली नेट की तैयारी कर रही है। ऐसे में एडमिट कार्ड की बात सच मानकर वह दोनों नीचे पहुंचीं और गेट खोल दिया। 


दो तमंचा व कारतूस बरामद
भीड़ द्वारा पकड़े गए बदमाशों के पास बैग बरामद हुआ है। इसमें तमंचा व कारतूस भी मिले हैं जिसे कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि जिस चाकू से रूपाली पर हमला हुआ, उसकी बरामदगी अभी तक नहीं हुई है। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें