कानपुर। खेल निदेशालय यूपी की ओर से सीनियर महिला अंतर मंडलीय स्टेट फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन गुरुवार को चार मुकाबले खेले गए। इसमें अलीगढ़, गोरखपुर, आगरा और आजमगढ़ ने अपने-अपने मैच जीतकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
ग्रीनपार्क मैदान पर पहला मैच अलीगढ़ और मुरादाबाद के बीच खेला गया। इसमें अलीगढ़ ने मुरादाबाद को 4-0 से पराजित किया। अलीगढ़ की ओर से राधा ने दो, रानी, गरविता ने एक-एक गोल किया। दूसरे मैच में गोरखपुर ने मिर्जापुर को 2-0 से शिकस्त दी। इसमें गोरखपुर की ओर से
सामा
और सृजना ने एक-एक गोल दागा। तीसरे मैच में आगरा ने प्रयागराज को 3-0 से हराया।
आगरा के लिए कविता ने दो व नैंसी ने एक गोल किया। चौथे मैच में आजमगढ़ ने अयोध्या को 3-0 से पराजित किया। इसमें आजमगढ़ के लिए निशा सोनकर, सलोनी व प्रिया ने एक-एक गोल किया। चारों मैचों में रेफरी की भूमिका राशिद अहमद, महेश चंद्र, रेन काम्बोज, सपना झा, इफ्तखार खान आदि ने निभाई।
आज खेले जाएंगे क्वार्टर फाइनल के मैच
पहला क्वार्टरफाइनल ग्रुप-सी से मेरठ और ग्रुप-ए से लखनऊ के बीच सुबह 10 बजे से होगा।
दूसरा क्वार्टरफाइनल ग्रुप-डी से वाराणसी और ग्रुप-बी से प्रयागराज के बीच 11:30 बजे से होगा।
तीसरा क्वार्टरफाइनल ग्रुप-ए से गोरखपुर और ग्रुप-सी से आजमगढ़ के बीच दोपहर दो बजे मैच होगा।
चौथा क्वार्टरफाइनल ग्रुप-बी से आगरा और ग्रुप-डी से मेजबान कानपुर के बीच दोपहर 3:30 बजे से होगा।