हरदोई में बघौली थाना क्षेत्र के पिपोना गांव में शनिवार शाम घर के बाहर आग ताप रही बच्ची के साथ खेल रहे बच्चों ने शराबी को देखकर शोर मचा दिया। इससे गुस्साए शराबी युवक ने बच्ची पर जलती लकड़ी फेंक दी। इसमें बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
जब तक परिजन मौके पर पहुंचे आरोपी भाग गया। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने युवक और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपोना निवासी रामविलास ने बताया कि सर्दी में उसके दरवाजे आग तापी जा रही थी।
शनिवार शाम मोहल्ले के बच्चों के साथ उसकी छह साल की बेटी शिवकुमारी भी आग ताप रही थी। इसी दौरान पड़ोसी नारेंद्र पुत्र मुरली नशे में वहां आया। उसे देखकर बच्चों ने शोर मचा दिया। इससे गुस्साया युवक गाली-गलौज कर बच्चों को खदेड़ने लगा।
भागने का प्रयास कर रही शिवकुमारी पर युवक ने जलती लकड़ी फेंक दी। आग की चपेट में आकर शिवकुमारी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी व उसके भाई नन्हक्के के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ फूलचंद्र सरोज बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।