कानपुर देहात। डेरापुर ब्लॉक में अलावलपुर से इंजुआरामपुर संपर्क मार्ग की करीब एक किमी लंबाई की सड़क सीसी कराने का प्रस्ताव है। शासन से मंजूरी मिलने पर यह काम कराया जाएगा। इस पर करीब 86.50 लाख रुपये खर्च का अनुमान है।
अलावलपुर से इंजुआरामपुर संपर्क मार्ग एक लेन है। बारिश और जलभराव की वजह से डामरीकृत सड़क उखड़ गई है। इसकी मरम्मत भी कराई गई, लेकिन कुछ समय बाद फिर से जस की तस स्थिति बन गई। यह सड़क लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अंतर्गत आती है। ग्रामीण अर्से से सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अभियंता के सर्वे में सामने आया कि आबादी के बीच होने की वजह से जल निकासी की समस्या से डामरीकृत सड़क खराब हो जाती है। ऐसे में सड़क को सीसी बनवाने का प्रस्ताव तैयार किया गया।
मुख्य अभियंता के अनुमोदन के बाद प्रस्ताव को निदेशालय से शासन में मंजूरी के लिए भेजा गया है। शासन की मंजूरी जल्द मिलने की उम्मीद है। इसके बाद यह सड़क सीसी बनेगी तो राहगीरों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी। एक्सईएन सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अलावलपुर से इंजुआरामपुर संपर्क मार्ग के आंशिक हिस्से को सीसी कराने का प्रस्ताव है। शासन की मंजूरी मिलने पर काम शुरू कराया जाएगा। ठेकेदार पांच साल तक सड़क की देखभाल करेगा। इसकी शर्त भी रहेगी।