प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए 21 अप्रैल को होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (यूपीएसईई) के लिए कानपुर में 10 केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इनमें 11340 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति ने परीक्षा के लिए देश भर में 131 केंद्र
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध प्रदेश के सभी इंजीनियरिंग कॉलेज और तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा यूपीएसईई के लिए गुरुवार को केंद्रों का निर्धारण हो गया। इस बार इस प्रवेश परीक्षा में कुल 1.10 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति ने परीक्षा के लिए देश भर में 131 केंद्र बनाए हैं। इसमें 13 केंद्र प्रदेश से बाहर अन्य राज्यों में हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि कानपुर के अलावा कानपुर देहात, वाराणसी, सुल्तानपुर, सीतापुर, रायबरेली, सहारनपुर, शाहजहांपुर, नोएडा, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, मिर्जापुर, मेरठ, आजमगढ़, मथुरा, लखनऊ, आगरा, कुशीनगर, झांसी, जौनपुर, जालौन, गोरखपुर, गोंडा, गाजीपुर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, फैजाबाद, इटावा, देवरिया, बुलंदशहर, बिजनौर, बस्ती, बरेली, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, अलीगढ़ में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही दिल्ली, देहरादून, चंडीगढ़, भोपाल, जयपुर, कोलकाता, मुंबई, पटना, रांची और रुड़की में भी परीक्षा केंद्र बने हैं।
शहर में इन कॉलेजों में परीक्षा देंगे छात्र
परीक्षा केंद्र छात्र संख्या
एक्सिस कॉलेज 2600
केआईटी 1200
नारायना विद्यापीठ इंजीनियरिंग 1000
नारायना विद्यापीठ मैनेजमेंट 1000
कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी 1000
एलन हाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी 1000
महाराणा प्रताप कॉलेज ऑफ फार्मेसी 440
इंडस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट 900
पीएसआईटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग 1000
प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी 1200