यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को अब एक और बड़ा झटका लगने वाला है। अखिलेश के सबसे महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट पर अब बीजेपी की ‘योगी सरकार’ अपनी ‘मोहर’ लगाने जा रही है। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ इटावा सफारी पार्क का उदघाटन अक्टूबर में करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम की स्वीकृति के लिए स्थानीय भाजपा विधायकों ने पैरवी शुरू कर दी है। इसके लिए सफारी प्रशासन प्रस्ताव बनाकर भी शासन को भेज दिया है।
शहर के इटावा सफारी पार्क के सभी सफारी लगभग बनकर तैयार हो चुके हैं। इनमें से तेंदुआ सफारी को छोड़कर अन्य सभी में जानवर भी पहुंच गए हैं। ऐसे में अब सफारी प्रशासन ने पार्क के उद्घाटन का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। सफारी प्रशासन चाहता है कि करोड़ों की लागत से बनकर तैयार इटावा सफारी पार्क का उदघाटन मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ करें। इसके लिए सफारी प्रशासन ने न सिर्फ प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है बल्कि स्थानीय भाजपा प्रतिनिधियों से भी पैरवी के लिए संपर्क बनाया है।
शासन को भेजे प्रस्ताव में सफारी प्रशासन ने सितंबर माह में सफारी पूरी तरह से ओके होने की बात कहते हुए अक्टूबर माह में किसी भी दिन उदघाटन के लिए तैयार होने की बात कही है। इसके बाद से सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट इटावा सफारी पार्क भाजपा नेताओं को भी रास आने लगा है। सदर विधायक सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया सफारी का निरीक्षण दौरा भी कर चुके हैं। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, लोकसभा पालक डा. रमाकांत शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवमहेश दुबे, सांसद प्रतिनिधि गोपाल मोहन शर्मा सहित कई प्रमुख नेता लायन सफारी देख चुके हैं।
पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र
अखिलेश यादव की पुरानी फोटो इटावा सफारी में
लायन सफारी को इटावा की पहचान बताते हुए पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र को विकसित करने की मंशा भी जता चुके हैं। आए दिन कोई न कोई भाजपा नेता सफारी पहुंच रहा है। माना जा रहा है कि तेज प्रयासों के चलते जल्द ही मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय हो जाएगा और इटावा सफारी पार्क के उद्घाटन की तारीख तय हो जाएगी। इसी कड़ी में बुधवार को प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह ने भी लायन सफारी का दौरा किया। उन्होंने लायन सफारी को देखा। वहां पौधा भी लगाया। प्रभारी मंत्री के लायन सफारी दौरे को उद्घाटन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
लायन सफारी में पौधा लगाते जिले के प्रभारी एवं परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह।
जुलाई के अंतिम सप्ताह तक आ जाएंगे 06 तेंदुए
इटावा सफारी पार्क के उदघाटन से पूर्व तेंदुआ सफारी में 06 तेंदुए लाने की तैयारी सफारी प्रशासन कर रहा है। यह तेंदुए कानपुर और लखनऊ जू से लाए जाएंगे। तेंदुओं को सफारी में लाने के लिए सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। अब सिर्फ मौसम के सुधरने का इंतजार है। गर्मी और बारिश के निकलने के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में इन तेंदुओं को सफारी में सिफ्ट कर दिया जाएगा। जिसमें नर और मादा तेंदुए शामिल होंगे। जबकि अन्य चार सफारी में शेर, हिरन, मृग व भालुओं को पहले ही पहुंचाया जा चुक ा है।
बारिश से हरे भरे हुए सफारी में लगाए गए पौधे
इटावा सफारी
इटावा सफारी पार्क के सभी सफारी में जानवरों के लिए प्राकृतिक आरामगाह बनाने के लिए सैकड़ों की संख्या में पौधे रोपे गए थे। गर्मी के मौसम में इन पौधों की बढ़त रूक गई थी। पिछले एक सप्ताह से शुरू हुई बारिश के बाद सफारी पार्क में लगे यह पौधे हरे भरे हो गए हैं। जिससे सफारी के पिकनिक प्वांट पर खड़े होकर दूर दूर तक हरियाली ही हरियाली दिखाई देने लगी है। सफारी प्रशासन भी इससे खुश है क्यों कि गर्मी के मौसम में सफारी कर्मियों ने यहां पर लगे एक एक पौधे की बच्चों की तरह देखरेख की है। इनमें से कई पौधों ने तो वृक्ष का रूप लेना शुरू कर दिया है जो आगे चलकर शेर, भालू, तेंदुआ और हिरनों के लिए छायादार आरामगाह बन जाएंगे।