युवाओं में सोशल मीडिया का बढ़ता क्रेज देखकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए चुनावी शंखनाद करने की तैयारी की है। जिसके चलते पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ई-चौपाल शुक्रवार को फकीरपुरवा में लगेगी। पूर्व मुख्यमंत्री लाख बहोसी पक्षी बिहार में पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
कन्नौज जिले के फकीरपुरवा से सोशल मीडिया के जरिए गांववालों से बात करेंगे और यदि गांव वालों की कोई जिज्ञासा हुई तो उसे भी शांत करेंगे। अखिलेश कन्नौज से ही लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। अखिलेश यादव शुक्रवार को कन्नौज के गांव फकीरपुरवा में ई-चौपाल लगा कर लोगों से संवाद करेंगे। ट्विटर इंडिया ने इसे अखिलेश की चौपाल नाम दिया है।
असल में लोकसभा चुनाव की आहट के साथ सपा खुद को डिजिटल प्लेटफार्म पर अपनी सक्रियता बढ़ाने जा रही है। वोटरों के बीच पार्टी की पैठ बढ़ाने को सपा प्रोफेशनल्स की मदद लेगी। अखिलेश यादव और उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव खुद भी फेसबुक और ट्विटर पर सक्रिय रहते हैं।