समाजावादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें अखिलेश और पुलिसवाले के बीच जमकर झड़प हो रही है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो ये कहते हुए वायरल किया जा रहा है कि योगी सरकार आने के बाद अखिलेश के साथ बदसलूकी की जा रही है। अगर आपको भी ऐसा कोई वीडियो मिला है तो पहले इसका सच जान लें। अमर उजाला डॉटकॉम इस वीडियो का वायरल सच बता रहा है...
ये वीडियो मई 2011 का है। उस वक्त यूपी में मायावती की सरकार थी। समाजवादी पार्टी (सपा) उस समय कानून व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रही थी। इसी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अखिलेश यादव दिल्ली से लखनऊ आए थे। जिस पर एसपी ईस्ट बीपी अशोक के नेतृत्व में अखिलेश यादव को अरेस्ट कर लिया गया था।
इसके बाद अखिलेश को शाम तक अननोन प्लेस पर रखा गया था। फिर उन्हें जेल भेज गया, जहां दूसरे दिन उनकी जमानत हुई थी। उस समय एसएसपी लखनऊ डीके ठाकुर थे। अखिलेश सरकार आने के बाद इन दोनों अधिकारियों को चुनार ट्रेनिंग स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया था।
क्या कहना है सपा एमएलसी का ?
सपा के एमएलसी आनंद भदौरिया ने कहा- ये वीडियो मायावती सरकार के वक्त का है। 2011 में सपा मायावती सरकार के खिलाफ 3 दिन का प्रदर्शन कर रही थी। उसके अंतिम दिन प्रदर्शन में शामिल होने के लिए तात्कालीन सांसद अखिलेश दिल्ली से लखनऊ आए थे। जहां एयरपोर्ट के पास उनसे यह बदसलूकी हुई थी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। उस वक्त मैं भी उनके साथ था।