यूपी में चार चरण के चुनाव पूरे होने के बाद पांचवें चरण की तैयारियां जोरों-शोरों पर हैं। इन सबके बीच सपा-कांग्रेस को बसपा से बड़ा डर सता रहा है। मायावती को धोखेबाज और गैरभरोसेमंद कह कर खुद अखिलेश के बयान ये सबूत दे रहे हैं कि बसपा कभी भी भाजपा से गठबंधन कर सकती है। इटवा के सिद्धार्थ नगर में जनसभा के दौरान अखिलेश यादव मायावती पर जमकर बरसे।
अखिलेश ने कहा कि हमारी बुआ पर भरोसा नहीं करना। आजकल लिखकर बड़े-बड़े पन्ने का भाषण लाती हैं उनकी सभा में लोग कुर्सियों पर सो रहे होते हैं। कहने को तो वो हमारी बुआ हैं लेकिन रक्षा बंधन बीजेपी वालों से मनाती हैं। ये हाथी वाले लोग कभी भी रक्षा बंधन बना लेंगे भारतीय जनता पार्टी वालों से। मायावती खुद पूछती हैं कि कांग्रेस से गठबंधन क्यों किया। हमारा दिल बड़ा है और दोस्ती मजबूत है। कंजूसों से दोस्ती नहीं करते। हम दोनों मिलकर इतिहास रच देंगे। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के पास कोई चेहरा नहीं है। बहराइज में प्रधानमंत्री मोदी ने गधे पर भाषण दिया और यूपी के मुख्यमंत्री को नहीं पता गधे की विशेषता क्या है। अखिलेश ने जनता से पूछा कि गधे की विशेषता क्या है।