कानपुर। दिवाली पर घर लौटने वाले हवाई यात्रियों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है। छह से 10 नवंबर के बीच मुंबई, दिल्ली और बंगलुरू से कानपुर आने वाली फ्लाइटों का किराया कई तारीखों पर दोगुना हो गया है। बंगलुरू से कानपुर का सबसे महंगा टिकट सात नवंबर को 27,320 रुपये का है। वहीं, कानपुर से इन शहरों के लिए जाने का किराया तुलनात्मक रूप से कम है।
कानपुर से दिल्ली जाने का किराया छह से आठ नवंबर तक 5,499 से 5,814 रुपये रहेगा। नौ नवंबर को 8,964 और 10 नवंबर को 10,959 रुपये होगा। दिल्ली से कानपुर आने का किराया छह से आठ नवंबर तक 12,437 रुपये है, जो नौ नवंबर से घटकर 5,559 रुपये हो जाएगा।
कानपुर से मुंबई का किराया छह से नौ नवंबर तक 7,158 से 7,392 रुपये रहेगा, जबकि 10 नवंबर को 18,347 रुपये होगा। मुंबई से आने का किराया छह-सात नवंबर को 21,968 और आठ नवंबर को 20,341 रुपये रहेगा। नौ नवंबर से यह 9,998 रुपये हो जाएगा।कानपुर से बंगलुरू का किराया छह से आठ नवंबर तक 8,822 से 9,597 रुपये और नौ नवंबर को 11,534 रुपये रहेगा। बंगलुरू से आने का किराया छह नवंबर को 22,378, सात को 27,320, आठ को 18,703 और नौ नवंबर को 15,078 रुपये होगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि त्योहार नजदीक आने पर फ्लाइट टिकटों के दाम में उतार-चढ़ाव होता रहता है।