बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण 28 मार्च से शुरू होने वाली दो शहरों की फ्लाइट को अग्रिम आदेश तक निरस्त कर दिया गया है। अहमदाबाद की फ्लाइट 12 फरवरी से 27 मार्च तक कम यात्री होने की वजह से निरस्त की गई थी। होली के मद्देनजर इस उड़ान को बहाल करना था।
जबकि कोलकाता की फ्लाइट नए सिरे से 28 मार्च से शुरू होनी थी। इन दोनों ही उड़ानों को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने न उड़ाने की सलाह देेते हुए अनुमति नहीं दी है। अब ये फ्लाइटें 31 मई या फिर इसके बाद चलने की संभावना है। चकेरी एयरपोर्ट से मुंबई और नई दिल्ली के लिए उड़ानें जारी रहेंगी।
होली पर करा ली थी बुकिंग
होली पर अहमदाबाद और कोलकाता की फ्लाइटों के संचालन की उम्मीद पर तमाम यात्रियों ने बुकिंग करा ली थी। अब उन यात्रियों को विमानन कंपनी नियमानुसार रिफंड देगी। अब ये लोग लखनऊ से इन शहरों के लिए उड़ानों में सीटें खोज रहे हैं लेकिन होली की वजह से अधिकांश सीटें बुक होने के कारण फ्लैक्सी फेयर लागू है और किराया दो से ढाई गुना तक ज्यादा महंगा हो गया है।