विधानसभा अध्यक्ष आज सैफई आएंगे
इटावा। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना शुक्रवार को दोपहर 12 बजे पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने सैफई पहुंचेेंगे। वह नेता विरोधी दल अखिलेश यादव व उनके शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाएंगे।
व्यापारियों ने नेताजी को दी श्रद्धांजलि
नवीन मंडी परिसर में बुधवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से शोकसभा करके नेताजी को श्रद्धांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि इटावा का नाम पूरे देश और दुनिया में प्रतिष्ठित करने वाले समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव भारतीय राजनीति की बड़ी शख्सियत थे।
हर जिले में सभा कर नेताजी को करेंगे याद
समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश के हर जिले में सभा कर नेताजी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की ओर से इस संबंध में सभी जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों को पत्र लिखा गया है।
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में कार्यक्रम का आयोजन 21 अक्तूबर को करने के लिए कहा गया है। इसी दिन नेताजी का ग्यारवां भी है। सैफई स्थित कोठी में इस दिन श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को समर्थकों को बुलाने के लिए कहा गया है। सैफई में भी देश के अलग-अलग हिस्सों से कई वीवीआईपी के आने की संभावना है।