कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज और आकाश हर्बोफार्मिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच गुरुवार को करार हुआ। यह एमओयू शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। मुख्य लक्ष्य आपसी साझेदारी को मजबूत करना है।
यह समझौता विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। इस दौरान कुलपति विनय कुमार पाठक, प्रतिकुलपति सुधीर कुमार अवस्थी और कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। एमओयू के तहत टिशू कल्चर और हर्बल टेक्नोलॉजी में अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा मिलेगा। दोनों संस्थान वैज्ञानिक नवाचार, प्रौद्योगिकी विकास और उत्पादन कार्यों में मिलकर काम करेंगे। हर्बल उत्पाद विकास, कौशल उन्नयन और टिशू कल्चर गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
छात्र और शोधार्थियों को तकनीक का लाभ
साझेदारी से छात्रों और शोधार्थियों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा। उन्हें विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और उद्योग से जुड़े अनुभव प्राप्त होंगे। कौशल विकास कार्यक्रम, तकनीकी कार्यशालाएं और संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। स्कूल की निदेशक निशा शर्मा और कंपनी के निदेशक विश्वजीत जादौन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।