कानपुर। छुट्टियों के बाद खुले परिषदीय स्कूलों में पहले दिन छात्रों की उपस्थिति उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कई विद्यालयों में कक्षाएं शुरू हुईं, लेकिन बच्चों की संख्या कम नजर आई। शिक्षिकाओं ने अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
अभिभावकों का कहना है कि मौसम व अन्य कारणों से बच्चों को नियमित स्कूल नहीं भेज रहे हैं। जुलाई से बच्चों की उपस्थिति में सुधार होगा। प्राथमिक स्कूल बिराहना में एक बच्चा और शास्त्री नगर स्थित प्राथमिक स्कूल में दो छात्र उपस्थित रहे।
शिक्षिकाओं का कहना है कि बुलाने के लिए घर गए थे, लेकिन अभिभावकों ने शुक्रवार को मोहर्रम का अवकाश होने और कुछ ने पहली जुलाई से बच्चों को भेजने की बात कही। कुछ अभिभावकों ने बताया कि नई कक्षाओं की तैयारी और किताबों की व्यवस्था पूरी होते ही बच्चे नियमित रूप से स्कूल आएंगे। बीएसए हरिओम सिंह ने कहा कि स्कूल शुरू हो गए हैं। 24 को कर्मचारियों, शिक्षकों को बुलाया था ताकि 25 से सुचारू रूप से विद्यालय चल सकें।