आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे: दुर्घटनाग्रस्त बस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात 12 बजे के करीब दिल्ली से सवारियां लेकर मधुबनी जा रही बस चालक के झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घायल तीस सवारियों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेज गया, जबकि 15 सवारियों को दूसरी बस से मधुबनी के लिए रवाना कर दिया गया।
बुधवार की देर रात करीब 12 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ऊसराहार क्षेत्र के कुदरैल गांव के पास निर्माणाधीन पुलिस चौकी के सामने दिल्ली से बिहार के मधुबनी जा रही बस संख्या तेज रफ्तार से डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस के पलटते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
आसपास के गांवों से लोग जुट गए। सूचना पर यूपीडा की सुरक्षा टीम के अधिकारी मनोहर लाल और ऊसराहार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बस में 45 सवारियां थीं। इसमें घायल 30 सवारियों को एंबुलेंस से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भेजा गया। 15 सवारियों को चोट नहीं आने पर रात में ही दूसरी बस से मधुबनी भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर एआरटीओ भी मौके पर पहुंच गए और बस की जांच पड़ताल की। घटना में मामूली तौर पर घायल हुए 14 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि रात में ही राहत कार्य प्रारंभ करा दिया गया था। सभी घायलों को सैफई यूनिवर्सिटी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बस के संबंध में जानकारी की जा रही है।
तेज गति और चालक को झपकी आने पर हुआ हादसा
हादसे का कारण प्रत्यक्षदर्शियों और सवारियों ने बस की तेज गति और चालक को झपकी आना बताया है। दिल्ली से मधुबनी जा रही बस को चालक पवन गिरि पुत्र ओमप्रकाश जिला बुलंदशहर चला रहा था। कुछ सवारियों ने चालक के नशे में होने की भी जानकारी दी है। एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम ने भी दुर्घटना का कारण बस को तेज गति से चलाना और चालक को नींद आना बताया है। दुर्घटना में चालक पवन गिरि बुलंदशहर और लखनऊ निवासी परिचालक मुश्ताक भी घायल हुआ है।
घायलों की सूची
1- पवन मेहरा पुत्र राम बहादुर निवासी रशिदपुर जिला मधुबनी
2- सिद्धार्थ पुत्र नुमेश पासवान निवासी बहादुरपुर, दरभंगा
3- संतोष कुमार पुत्र झमेली सिंह निवासी नारायनपुर, दरभंगा
4- किशन देव महतो पुत्र राजकुमार महतो निवासी वालिसनगर, समस्तीपुर
5- पलन गिरि पुत्र ओमप्रकाश गिरि निवासी माकड़ी, बुलंदशहर
6- रोहित कुमार पुत्र रामकुमार निवासी मेहनी, जनपद भिंड
7- रीता देवी पत्नी सत्येंद्र दास निवासी निवासी सीतामढ़ी
8- बादल (9) पुत्र सत्येंद्र दास निवासी सीतामढ़ी
9- सत्येंद्र मुखिया पुत्र श्रीगुन मुखिया निवासी कांवड़ा, सीतामढ़ी
10- शनिचर मुखिया निवासी सीतामढ़ी
11- दीपक कुमार पुत्र संतोपी निवासी तलबगंज, गोंडा
12- अनीता देवी पत्नी दीपक कुमार निवासी तलबगंज गोंडा
13- पिंकी पत्नी मो. आजाद निवासी लक्ष्मी चौक मुजफ्फरपुर
14- अब्दुल रहमद पुत्र मो. आजाद निवासी मुजफ्फरपुर
15- मो. आबिद पुत्र मो. बुचाई निवासी सकतपुर, दरभंगा
16- शिवकरन पुत्र नवतरी निवासी थाना मुसौलिया, सिद्धार्थनगर