नरैनी। बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने पर पिता का चालान कर देने वाले उप निरीक्षक आशीष पटेरिया के विरुद्ध अब कोतवाली प्रभारी ने मारपीट आदि की रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी से अभद्रता पर उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया था।
गलत चालान पर लड़की के पिता ने भाजपा अध्यक्ष और विधायक से शिकायत की थी। इसी के बाद छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज हुई। उधर, कोतवाली निरीक्षक द्वारा उप निरीक्षक आशीष की इस हरकत पर नाराजगी जताई तो इंसपेक्टर के साथ अभद्रता की। हंगामा होने पर शनिवार को शाम पुलिस अधीक्षक भी कोतवाली आए थे। देर रात अपर पुलिस अधीक्षक भी वहां पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को शाम ही निलंबन आदेश कर दिया था।
उधर, कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार तिवारी की तहरीर पर उप निरीक्षक आशीष के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। उप निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला ने बताया कि विवेचना गिरवां थानाध्यक्ष मनोज शुक्ला को सौंपी गई है।