रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करता डॉग स्क्वायड
- फोटो : अमर उजाला
श्रीलंका में हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद जारी हाई अलर्ट के चलते यूपी के फर्रुखाबाद जिले में बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा के होटल व मंदिरों में सोमवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अलावा नीबकरोरी मंदिर, फर्रुखाबाद व कायमगंज रेलवे स्टेशन पर भी डॉग स्क्वायड ने चेकिंग की। हालांकि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु पुलिस के हाथ नहीं लगी।
रविवार को श्रीलंका में होटलों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हुए विस्फोटों कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोमवार को डॉग स्क्वायड टीम के प्रभारी विपिन कुमार, हैंडलर जयवेंद्र आदि डॉग आस्कर (डॉग का नाम) को लेकर कोतवाली पहुंचे। वहां से स्थानीय पुलिस के साथ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बैग आदि चेक किए। इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
टीम प्रभारी ने बताया अलर्ट जारी होने के बाद संकिसा में बौद्ध स्थल, वहां के होटल, वर्मा मंदिर, जापान मंदिर, भूटान मंदिर, लंका मंदिर, कंबोडिया व बौद्ध स्तूप के प्रांगण में डॉग स्क्वायड के साथ चेकिंग की। इसके बाद नीबकरोरी के मंदिर में भी चेकिंग की गई।