बिल्हौर (कानपुर)। कानपुर-फर्रुखाबाद रेलरूट की लालपुर रेलवे क्रॉसिंग मरम्मत के कारण 21 और 22 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम छह बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान जीटी रोड से आने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दूसरे मार्ग से वाहनों को गुजारा जाएगा तो कानपुर पहुंचने में लगभग दोगुनी दूरी तय करनी पडे़गी। अभी बिल्हौर से शहर की दूरी 55 किमी है। दूसरे मार्ग से वाहन आएंगे तो उन्हें 105 किमी की दूरी तय करनी पड़ेगी।
रेलवे और जिला प्रशासन ने जीटी रोड से गुजरने वाले वाहनों के लिए बिल्हौर में लखनऊ-इटावा राजमार्ग पर ककवन रोड वाया रसूलाबाद-शिवली होते हुए चौबेपुर से पूर्व की तरह निकालने की योजना बनाई है। चौबेपुर में बेला क्रॉसिंग से और बिल्हौर में ककवन रोड तिराहे से सभी वाहनों को गुजारा जाएगा। इस रास्ते से आने-जाने वाले वाहनों को अलियापुर, ककवन, तिश्ती, असालतगंज, रसूलाबाद, कहिंजरी, शिवली, चौबेपुर से करीब 105 किमी का चक्कर लगाना होगा। उधर, क्षेत्रीय कई गांवों के संपर्क मार्गों से भी जीटी रोड से हल्के वाहन मात्र पांच से आठ किमी घूमकर जीटी रोड से आ जा सकते हैं। बिल्हौर में ककवन रोड क्रॉसिंग पारकर अलियापुर चौराहे से पूरा बंबा तिराहे से कानपुर जाया जा सकता है। इसी तरह धौरसलार व मोहनपुरवा क्रॉसिंग से गड़रियनपुरवा-मकरंद निवादा गांव होते हुए पूरा बंबा तिराहे से छोटे वाहन आ जा सकते हैं। लालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित सरकारी स्कूल के पीछे कच्चे मार्ग होते हुए राढ़ा पूरा मार्ग से जीटी रोड पर आवागमन किया जा सकता है। इन क्षेत्रीय मार्गों से भारी वाहन को निकलने में असुविधा हो सकती है पर बाइक, कार, साइकिल, ट्रैक्टर-ट्राली आदि आसानी से आ जा सकते हैं।