औरैया के सहार क्षेत्र के सहबाजपुर निवासी मिडिल स्कूल के रिटायर्ड हेडमास्टर होरीलाल की उलझनें बेटी की शादी की तारीख नजदीक आते ही बढ़ने लगी हैं। 15 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम है। 16 नवंबर को शादी है। घर में धेला नहीं है। ऐसे में होरीलाल को रिश्तेदारों से लेकर वर पक्ष के सामने हाथ फैलाने पड़ रहे हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
सहबाजपुर निवासी होरीलाल की बेटी माला की शादी 16 नवंबर को बकेवर निवासी धर्मेंद्र सिंह के साथ तय हुई है। 15 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम है। शादी की तैयारी में होरीलाल ने बैंक से पिछले सप्ताह पांच-पांच सौ और एक -एक हजार के नोट लिए थे। इन नोटों के लिए बैंक अधिकारियों की चिरौरी की थी। अचानक यह नोट बंद होने से होरीलाल संकट में आ गए।
गुरुवार को होरीलाल ने बैंक में 72 हजार रुपये जमा कर दिए। निकासी में बैंक से सिर्फ चार हजार रुपये मिले। होरीलाल पूरे 72 हजार रुपये की निकासी के लिए काफी देर तक बैंक अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाते रहे। कोई नतीजा नहीं निकला। अब वह वर पक्ष व रिश्तेदारों को फोन कर मदद की गुहार कर रहे हैं। होरीलाल का कहना है कि शादी के कार्ड बंट गए हैं। ऐसे में तारीख भी नहीं बढ़ा सकते हैं। इन हाल में शादी करना मुश्किल बना हुआ है।