इस पर सहमति भी बन गई, लेकिन इसी बीच परिवार वालों ने अमन की शादी दूसरी जगह तय कर दी। 29 फरवरी को शादी होनी है। इसकी जानकारी पर लक्ष्मी ने चार फरवरी को माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। यहां अमन के परिजनों को बुलाकर विवाद सुलझने तक 29 फरवरी की शादी स्थगित करने की हिदायत दी गई। इसी बीच लक्ष्मी को पता चला कि 29 फरवरी की शादी टल नहीं रही है। इस पर वह मंगलवार शाम रमुआपुर गांव पहुंची।
बुधवार सुबह उसका शव रमुआपुर के पास ही चंदौली गांव में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतका के परिजनों को मौके पर बुलाया। प्रभारी निरीक्षक ध्रुव कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता कमलेश ने अमन के खिलाफ तहरीर दी है। आत्महत्या के लिए प्रेरित किए जाने का मामला दर्ज किया गया है।
वायरल हो रहा सुसाइड नोट, शादी के बाद करा दिया था गर्भपात
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक सुसाइड नोट भी वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता। सुसाइड नोट में लक्ष्मी ने दावा किया है कि अमन ने मंदिर में उसके साथ शादी कर ली थी। अमन के परिवार के साथ ही उसके परिवार को भी पूरी घटना पता थी। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई थी। अमन के साथ गांव में रहने की बात कही थी, लेकिन अमन ने इनकार कर दिया और उसे गर्भपात की दवा खिला दी। बाद में उसे छोड़कर चला गया। उसने गांव जाकर पुलिस से शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि मौत के लिए अमन और उसके परिवार के लोग जिम्मेदार होंगे।