कानपुर। सचेंडी क्षेत्र में पीएसआईटी के पास एक दुकान के बाहर खड़े होकर चाय पी रहे मध्यप्रदेश के युवक पर कार चढ़ गई। घायल युवक को आसपास के लोग अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वह एसएससी जीडी कांस्टेबल की परीक्षा देने शहर आया था। मध्यप्रदेश के छतरपुर के थाना कोतवाली के बसारी गेट निवासी अधिवक्ता मुख्तियार अली का 22 वर्षीय बेटा फरहान का एसएससी जीडी का परीक्षा केंद्र सचेंडी में पड़ा था।
पिता के अनुसार 18 फरवरी को सुबह 6 बजे वह परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया था। इसके बाद पास ही स्थित तिवारी ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े होकर चाय पी रहा था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो ने वहां खड़ी दिल्ली नंबर की गाड़ी में इतनी तेज टक्कर मारी कि गाड़ी उछल कर फरहान पर चढ़ गई। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया। मुख्तियार ने बताया कि घर में पत्नी रिजवाना और बड़ा बेटा फैजान है। वहीं, कार में बैठी फरीदाबाद निवासी दीपिका शर्मा भी घायल हो गईं है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक फरार हो गया। सचेंडी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।