फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: अधिवक्ता के हत्यारोपी ठेकेदार इंद्रजीत के पास तीन फर्में

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन की हत्या के मामले में गिरफ्तार नगर निगम के ठेकेदार इंद्रजीत यादव का खासा रसूख था। विकास कार्यों के 15 से 20 करोड़ रुपये के टेंडर इंद्रजीत की फर्मों को मिले हैं। नगर निगम में उसकी तीन फर्में हैं। पूर्व में सीडीओ की जांच में भी ठेकेदार की फर्म आईजे टाइल्स इंडस्ट्रीज को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति की गई थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
विज्ञापन

ठेकेदार की हत्या में इंद्रजीत के फंसने से नगर निगम का माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है। नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार इंद्रजीत यादव की तीन फर्में आई जे टाइल्स इंडस्ट्रीज, आई जे कंस्ट्रक्शन और अनमोल ट्रेडिंग है। नियम के अनुसार एक व्यक्ति की एक ही फर्म रजिस्टर्ड हो सकती है। ऐसे में तीन फर्में कैसे रजिस्टर्ड हुईं इसकी जांच भी शुरू की गई है।
नगर निगम में सुपर ए एचएमपी श्रेणी में रजिस्टर्ड आईजे टाइल्स इंडस्ट्रीज के दस्तावेजों की जांच में सीडीओ की जांच कमेटी को तीन वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट, बैलेंस शीट, बैंक स्टेटमेंट, आयकर विवरण और 50 किमी की परिधि में हॉट मिक्स प्लांट होने का प्रमाण पत्र नहीं मिला था। इस पर समिति ने फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति की थी लेकिन उसे ब्लैक लिस्ट नहीं किया गया। अब माना जा रहा है कि इंद्रजीत की फर्म से कराए जा रहे कार्य भी खटाई में पड़ सकते हैं।
विज्ञापन

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विपिन ताडा का कहना कि इंद्रजीत का आपराधिक इतिहास चेक कराया जा रहा है। वहीं, नगर निगम के प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक श्रीवास्तव का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।


मोनू की तलाश में एसओजी का डेरा, साथी उठाया
कानपुर। कालपी के अधिवक्ता गयादीन की हत्या में फरार सुपारी किलर मोनू यादव की तलाश में कालपी पुलिस की एसओजी टीम ने गुजैनी में डेरा जमाया हुआ है। मंगलवार को वरुण विहार बस्ती से उसके एक साथी को पुलिस ने उठाकर पूछताछ शुरू की।
सामने आया कि हत्यारोपी मोनू पर सिर्फ गुजैनी थाने में गैर इरादतन हत्या समेत चार मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त गांजा तस्करी के मामले में हरियाणा, छत्तीसगढ़, यूपी के मथुरा में मुकदमे हैं। आरोपी यहां वरुण विहार बस्ती में किराये के मकान में पत्नी राधिका, पिता अजय, मां रानी देवी के साथ रहता है। पता चला आरोपी मोनू घटनाओं को अंजाम देने के बाद गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाले अपने एक मित्र को फोन करता है। जो फरारी के दौरान उसके रुकने-ठहरने की व्यवस्था करता है।
हत्यारोपी मोनू का भाई भी बदमाश है। नजीराबाद थाने में वर्ष 2010 में हुई हत्या के मामले में उसे जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मोनू के अन्य साथियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

मुठभेड़ में मोनू यादव के साथी गुजैनी के पिपौरी न्यू डायमंड सिटी निवासी आशीष विश्वकर्मा, वरुण विहार निवासी केशव कटियार को गिरफ्तार किया गया है। इलाकाई लोगों के मुताबिक, आशीष विश्वकर्मा इलाके में हनक जमाने के लिए अपराधियों के साथ उठने बैठने लगा था। यही हाल केशव कटियार का रहा। इसी दौरान हत्या के बाद जेल से छूट कर आए मोनू से दोनों ने यारी बढ़ाई। इधर जब मोनू ने हत्या की सुपारी ली तो सभी को 2-2 लाख रुपये देने का भरोसा दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें