कानपुर के बिकरू कांड से सीख लेकर पुलिस ने जमानत पर बाहर कुख्यात अपराधियों को जेल भेजने की तैयारी कर ली है। पुलिस ने अभी तक ऐसे 33 अपराधियों की जमानत निरस्त कराने को कोर्ट में अर्जी दी है।
दरअसल हत्या के एक मामले में विकास दुबे भी जमानत पर बाहर था। पुलिस का मानना है कि अगर विकास अंदर होता तो बिकरू कांड जैसी घटना न हुई होती। इसके चलते आईजी मोहित अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने जमानत पर छूटे कुख्यात अपराधियों का ब्योरा तैयार किया है।
फिलहाल पुलिस ने चमनगंज के शाहिद पिच्चा, बजरिया के इजराइल आटे वाला, अनवरगंज के चांद कुरैशी, ग्वालटोली थाने के हिस्ट्रीशीटर रामदास, आसिफ रायनी समेत 33 अपराधियों को चिह्नित किया है। इन पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, बलवा, समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि अन्य अपराधियों का भी पता लगाया जा रहा है।