कानपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी के अलावा बीए, बीएससी, बीकॉम के पाठ्यक्रम में एडवांस एआई-फ्यूचर ऑफ वर्क कोर्स को भी शामिल कर दिया गया है। इस कोर्स को पास न करने पर छात्र को डिग्री नहीं दी जाएगी। स्नातक डिग्री के पाठ्यक्रम में यह कोर्स पहली बार लागू किया जा रहा है। छत्रपति शाहू जी महाराज विवि प्रबंधन ने इन तीन कोर्सों के सेमेस्टर का क्रम भी पहली बार निर्धारित किया है।
बीएससी, बीए और बीकॉम के पाठ्यक्रम में एआई, साइबर सिक्योरिटी और एडवांस एआई कोर्स यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) की गाइडलाइन के मुताबिक शामिल किए गए हैं। सीएसजेएमयू इन्हें विवि के अलावा संबद्ध 617 महाविद्यालयों में लागू कर रहा है। ये महाविद्यालय कानपुर नगर, देहात, उन्नाव, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज में हैं।
सीएसजेएमयू के कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरमैन प्रोफेसर राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि साइबर सिक्योरिटी और एआई एक साल पहले से शामिल हैं। इस सत्र से एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-फ्यूचर ऑफ वर्क पाठ्यक्रम शामिल किया गया है। स्नातक कोर्स में शामिल होने वाले पाठ्यक्रमों के संबंध में जानकारी देने के लिए हर जिले में समन्वयक नियुक्त कर दिए गए हैं। कानपुर नगर में दो और बाकी छह जिलों में एक-एक समन्वयक की नियुक्ति की गई है। हर जिले में दो कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा। संबंधित जिले के महाविद्यालयों के जिम्मेदारों को कोर्स संचालन के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
प्रोफेसर द्विवेदी ने बताया कि इन कोर्स को पास करने के बाद ही विद्यार्थी को स्नातक की डिग्री मिल पाएगी। अगर कोई छात्र किसी कोर्स में फेल होता है तो उसे दोबारा बैक पेपर का मौका दिया जाएगा लेकिन कोर्स पास करना जरूरी होगा। विवि में इनोवेशन फाउंडेशन इन कोर्सों का संचालन करता है। इन कोर्सों को पास करने पर छात्र-छात्राओं को अलग से सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
-
इन्होंने तैयार किया कोर्स
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-फ्यूचर ऑफ वर्क कोर्स कलाम फाउंडेशन नई दिल्ली ने तैयार किया है।
साइबर सिक्योरिटी कोर्स आईआईटी कानपुर ने तैयार किया है
-
इस क्रम में होगी कोर्स परीक्षा
-पहला सेमेस्टर: साइबर सिक्योरिटी
-दूसरा सेमेस्टर: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
-तीसरा सेमेस्टर: एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-फ्यूचर ऑफ वर्क