ज्वाइंट एडमिशन बोर्ड (जैब) की 20 फरवरी को हैदराबाद में प्रस्तावित मीटिंग से पहले ही आईआईटी ने ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस 2016 का विस्तृत शेड्यूल गुरुवार को जारी कर दिया गया।
इसकी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। जेईई मेन में सफल टॉप दो लाख स्टूडेंट इसमें रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
बता दें जेईई मेन की मेरिट से एनआईटी, ट्रिपल आईटी और जीएफटी की सीटें भरी जाती हैं, जबकि एडवांस से आईआईटी और आईएसएम धनबाद में एडमिशन मिलता है। जैब की मीटिंग में खाली सीटों को भरने के लिए रणनीति बनाई जाएगी।
रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होगी। दो लाख स्टूडेंट 4 मई तक इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। जेईई मेन में बेहतरीन रैंक पाने वाले स्टूडेंट ही जेईई एडवांस के लिए रजिस्ट्रेशन करा पाते हैं।
एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा 11 से 22 मई तक मिलेगी। आईआईटी कानपुर की वेबसाइट www.iitk.ac.in पर कार्ड अपलोड किया जाएगा।
22 मई को दो पालियों में पेपर
बीटेक, बीई : सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक पेपर होगा।
बी. आर्किटेक्चर, बी. प्लानिंग : दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक परीक्षा चलेगी।
ओआरएस डिस्प्ले और आंसर कीज
1 से 4 जून के बीच में ओआरएस शीट डिस्प्ले की जाएगी। 5 जून को आंसर कीज जारी कर दी जाएगी। आंसर कीज से मिलान करके जेईई एडवांस में सेलेक्शन का आकलन किया जा सकता है।
रिजल्ट
12 जून को रिजल्ट घोषित होगा। 20 जून से 19 जुलाई के बीच काउंसलिंग कराकर आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी, जीएफटी और आईएसएम धनबाद की सीटें भरी जाएंगी।
आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट
बी. प्लानिंग और बी. आर्किटेक्चर की प्रवेश परीक्षा में सफल स्टूडेंटों के आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट (एएटी) की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 12-13 जून को पूरी होगी। 15 जून को टेस्ट कराया जाएगा, फिर सीटें भरी जाएंगी।